Friday, July 4, 2025
Homeछत्तीसगढ़बलौदाबाजार हिंसा मामले में पांच और आरोपी गिरफ्तार...

बलौदाबाजार हिंसा मामले में पांच और आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग। बलौदाबाजार हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। विधायक की गिरफ्तारी को लेकर आज प्रदेश भर में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। लेकिन इस प्रदर्शन से पहले बलौदाबाजार पुलिस ने भिलाई में फिर से छापेमारी की है। पुलिस ने खुर्सीपार के 6 लोगों को हिरासत में लिया है और सभी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछ्ताछ कर रही है। पुलिस ने इन सभी को बलौदाबाजार हिंसा में संलिप्तता के आधार पर उठाया है। ये सभी विधायक देवेंद्र यादव के करीबी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार पुलिस ने देर रात 1 बजे भिलाई के खुर्सीपार इलाके में छापा मारा। इस दौरान 6 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं एक युवक अब भी फरार है। हिरासत में लिए 6 लोगों में से पांच लोगों का नाम सामने आया है, जिसमें योगेश नौरंगे, दिनेश बांधे, हेमंत खुटे, अविनाश खुटे, वीरेंद्र गायकवाड है। वहीं एक युवक कोमल धृतलहरे को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। बताया जा रहा है कि बलौदाबाजार हिंसा में विधायक के साथ इनकी भी संलिप्तता पाई गई है।

फिलहाल, सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है। दरअसल, सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान 10 जून को बलौदाबाजार जिले के कलक्ट्रेट परिसर में आगजनी की घटना हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने 150 से अधिक दो पहिया और 10 चार पहिया वाहनों को आग के हवाले किया था। कलेक्टर और एसपी कार्यालय में कई दस्तावेज जलकर खाक हुए थे। विधायक देवेंद्र यादव पर इस हिंसा को भड़काने का आरोप है।

घटना का विवरण
10 जून को बलौदाबाजार में एक धरना प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ झूमाझटकी, पत्थरबाजी और मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने संयुक्त कार्यालय और वाहनों में आग लगा दी। इसके बाद से पुलिस उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो, फोटो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी
इससे पहले, 17 अगस्त को बलौदाबाजार पुलिस ने भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव को उनके निवास से गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद उन्हें बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां देर रात उन्हें बलौदा बाजार के सीजेएम राजेश खाखा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया।

यह भी पढ़ें :- गरीबों के हक पर डाका… 900 क्विंटल से ज्यादा चावल किया कम

विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ बलौदाबाजार सिटी कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 153A, 501(1), 505(1)(B), 501(1)(C), 109, 120बी, 147, 148, 149, 186, 353, 332, 333, 307, 435, 436, 341, 427 भारतीय दंड संहिता और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धाराएं शामिल हैं।

अब तक की कार्रवाई
बलौदाबाजार में हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटना में शामिल कुल 184 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस हिंसा में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments